केरल के नए मुख्यमंत्री बने वीडी सतीशन, तिरुवनंतपुरम में शपथ ली

कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही दस साल बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की केरल में सरकार बन गई है।

राज्यपाल आरवी आर्लेकर ने तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई और राजधानी पूरे दिन उत्सवी माहौल में रही।

हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक स्टेडियम पहुंचे, जिससे पूरा परिसर भरा नजर आया। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नई कैबिनेट में अनुभव और युवा चेहरों का मिश्रण

21 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरों को जगह दी गई है। कांग्रेस कोटे से रमेश चेन्निथला, सनी जोसेफ, के. मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, एम. लिजू, टी. सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनेश ने मंत्री पद की शपथ ली।

गठबंधन सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को पांच पद मिले। पीके कुन्हालिकुट्टी, केएम शाजी, वी अब्दुल गफूर, एन शम्सुद्दीन और पीके बशीर कैबिनेट का हिस्सा बने। इसके अलावा मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब और सीपी जॉन को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया।