सोने-चांदी के भावों में भारी गिरावट, 2,000 रुपये से ज्यादा टूटा सोना

शुक्रवार को घरेलू और वैश्विक दोनों बाजारों में कीमती धातुओं के भावों में तेज गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी के वायदा अनुबंधों में भारी बिकवाली देखने को मिली।

MCX पर सोने का अगस्त वायदा अनुबंध 2,000 रुपये से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। खबर लिखे जाने तक यह 2,031 रुपये घटकर 1,47,278 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अनुबंध 1,47,175 रुपये पर खुला था और दिन में 1,47,737 रुपये के उच्चतम तथा 1,47,040 रुपये के निम्नतम स्तर को छुआ। पिछले सत्र का बंद भाव 1,49,309 रुपये था। इस साल सोना 1,80,779 रुपये का सर्वकालिक उच्च स्तर छू चुका है।

चांदी के जुलाई वायदा अनुबंध में भी तेज गिरावट जारी रही। यह 6,493 रुपये टूटकर 2,31,079 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। अनुबंध 2,32,371 रुपये पर खुला था। दिन का उच्चतम स्तर 2,33,166 रुपये और निम्नतम स्तर 2,30,621 रुपये रहा। पिछले दिन का बंद भाव 2,37,572 रुपये था। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर पहुंची थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी बनी रही। COMEX पर सोना 63.40 डॉलर की गिरावट के साथ 4,182.50 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जबकि चांदी 1.88 डॉलर घटकर 64.43 डॉलर प्रति औंस पर थी। इस साल सोने का उच्चतम स्तर 5,586.20 डॉलर और चांदी का 121.79 डॉलर प्रति औंस रहा।