इंदौर: परीक्षा तनाव में MCA छात्रा ने लगाई फांसी

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रह रही 22 वर्षीय एमसीए छात्रा लेखा उत्तम ने रविवार रात परीक्षा संबंधी तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, लेखा मूल रूप से बुरहानपुर की रहने वाली थी और पिछले एक साल से इंदौर के चमेली देवी कॉलेज में एमसीए की पढ़ाई कर रही थी। रविवार शाम को उसकी सहेलियां राजबाड़ा घूमने जा रही थीं, लेकिन लेखा ने साथ जाने से इनकार कर दिया। जब सहेलियां रात करीब 11 बजे लौटीं तो उन्होंने कमरे में लेखा को फंदे पर लटका हुआ पाया।

सहेलियों ने बताया कि लेखा एमसीए सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा दे रही थी। कुछ पेपर खराब होने के बाद वह काफी परेशान और तनावग्रस्त रहने लगी थी। पिछले कुछ दिनों से वह ठीक से पढ़ाई भी नहीं कर पा रही थी।

कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

परदेशीपुरा थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने सहेलियों से पूछताछ की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आत्महत्या के पीछे परीक्षा का तनाव ही मुख्य वजह माना जा रहा है।