राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में गबन के आरोपों वाले मामले में यूपी पुलिस ने रविवार सुबह तड़के बड़ा छापा मारा। जेल भेजे गए 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें एक साथ पहुंचीं और तलाशी ली। इस दौरान कई जगहों पर ताले लगे मिले, जिसके कारण पड़ोसियों से पूछताछ की गई।
मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के आवास पर पुलिस पहुंची तो घर बंद मिला। पड़ोसियों से जानकारी लेने के बाद टिन्नू की मां के आने पर ताला खोला गया और अंदर जांच शुरू हुई। टिन्नू के भतीजे मनीष यादव के घर पर भी ताला लगा था। पुलिस ने वहां भी आस-पास के लोगों से सवाल-जवाब किए। इसी तरह आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी कोई नहीं मिला।
अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, कमलेश पांडे समेत अन्य आरोपियों के ठिकानों पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तलाशी अभियान चला। टीमों ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए, बैंक दस्तावेज, संपत्ति संबंधी कागजात और अन्य संभावित सबूतों की जांच की। राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया।