भोपाल: एमपी नगर में तेज रफ्तार ट्राले ने पलटी कार, दो युवक घायल

एमपी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से एक कार पलट गई। हादसे में कार में सवार दो युवक मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय लक्ष्मण गौड़ अपने मित्र अनिमेष यादव के साथ निजी काम से कोलार क्षेत्र की एक कॉलोनी जा रहे थे। व्यापम चौराहे से 6 नंबर स्टॉप की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर (RJ 01 GC 0893) वाले ट्राले ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की इतनी तेज थी कि कार सड़क पर पलट गई।

हादसे में दोनों युवकों को हल्की चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद ट्राला ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्राले को जब्त कर लिया।

कार चालक लक्ष्मण गौड़ की शिकायत पर पुलिस ने ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।