भारतीय शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी

भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को सकारात्मक शुरुआत की। अमेरिका और ईरान के बीच दोहा में हुई वार्ता के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के शेयरों में भारी खरीदारी से निवेशक उत्साहित नजर आए।

सुबह के कारोबार में निफ्टी 50 76.10 अंक की बढ़त के साथ 24,081.95 पर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स 235.79 अंक चढ़कर 77,158.43 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

निफ्टी 50 में इन्फोसिस, एचसीएल टेक और अदाणी एंटरप्राइजेज सबसे ज्यादा लाभ में रहे। व्यापक बाजार में भी खरीदारी का रुझान देखा गया, जिसमें निफ्टी मिडकैप 0.33 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी आईटी इंडेक्स ने करीब 3 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज की और सभी सेक्टरों में आगे रहा। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स दिन के शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट वाला सेक्टर रहा।