सोना-चांदी हुई सस्ती, MCX पर 10 ग्राम सोना 578 रुपये टूटा

सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में नरमी दर्ज की गई।

10 ग्राम सोने का भाव 578 रुपये की गिरावट के साथ 1,42,654 रुपये पर आ गया, जबकि एक किलोग्राम चांदी 727 रुपये सस्ती होकर 2,19,240 रुपये पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट निवेशकों द्वारा मुनाफा वसूली के चलते आई है।

इससे एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में उछाल देखा गया। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक संकेतों और स्थानीय आभूषण तथा फुटकर व्यापारियों की खरीदारी के कारण सोना 1,000 रुपये महंगा होकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया था। बुधवार को इसका बंद भाव 1,47,000 रुपये था।

हालांकि, चांदी की कीमत गुरुवार को 600 रुपये घटकर 2,24,700 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि बुधवार को यह 2,25,300 रुपये पर बंद हुई थी।

कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की हालिया नीतिगत घोषणा के बाद डॉलर में आई कमजोरी से कीमती धातुओं की मांग बढ़ी, जिससे गुरुवार को सोने में तेजी आई। आभूषण कारोबारियों की बढ़ती मांग से भी घरेलू स्तर पर सोने के भाव थोड़े ऊपर गए, लेकिन मजबूत रुपये ने कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी को रोके रखा।