भोपाल में राम मंदिर विवाद को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन

संसद परिसर में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए सांकेतिक प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भोपाल में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उग्र रूप धारण कर गया।

व्यापम चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। वहां से विरोध मार्च शुरू हुआ, जो लिंक रोड की ओर बढ़ा। पुलिस ने पहले से बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की व्यवस्था कर रखी थी। कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राम विरोधी होश में आओ”, “पप्पू मियां” और “राहुल गांधी मियां” जैसे नारे लगाए। उन्होंने राहुल गांधी का पुतला बनाया, उसके चेहरे पर गोबर पोता और फिर पुतला जलाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर भगवान श्रीराम और हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि संसद परिसर में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर जो सांकेतिक प्रदर्शन किया गया, उससे करोड़ों रामभक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी विरोध में भोपाल में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।

गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद परिसर पहुंचे थे। विपक्षी सांसदों के साथ उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था। विपक्ष ने इसे पारदर्शिता और जांच की मांग बताया था, जबकि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल इसे हिंदू आस्था के अपमान के रूप में देख रहे हैं।