गुरुवार रात किला गेट थाना क्षेत्र में हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे युवकों पर हमला हो गया। मामूली वाहन टक्कर से शुरू हुआ विवाद तेजी से हिंसक झड़प में बदल गया।
करीब रात 8:30 बजे ग्वालियर से चार-पांच युवक कांवड़ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। घासमंडी इलाके से गुजरते समय उनकी बाइक आरोपी अरशद खान, गोलू और अकील खान की कार से टकरा गई। बहस के दौरान एक युवक का हाथ 24 वर्षीय विवेक यादव के सिर पर लगा और विवेक के हाथ में चोट आ गई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के आठ से दस युवकों ने लाठी-डंडे, सरियों और हथौड़ों से कांवड़ियों पर हमला कर दिया।
हमले में विवेक यादव और शुभम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवेक के सिर पर हथौड़े से जानलेवा वार किए गए, जिससे उनके सिर पर कई टांके लगे। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना किला गेट थाना क्षेत्र की होने और बहोड़ापुर थाना सीमा के पास होने से दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस पैदा हो गया। पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज कांवड़ियों के साथियों और हिंदू संगठनों ने बहोड़ापुर थाने के सामने दो से तीन घंटे तक चक्काजाम कर नारेबाजी की। पूरे इलाके में यातायात ठप हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया और वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद देर रात जाम हटाया गया।
पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए अरशद खान, गोलू और अकील खान सहित 14 नामजद तथा कुल 20 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।