इंदौर: एनालॉग पनीर के खिलाफ सख्ती, पालदा फैक्ट्री से 450 किलो लो-फैट पनीर जब्त

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के निर्देश लागू होने के तुरंत बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को पालदा क्षेत्र की उमापति इंडस्ट्रीज में पहुंचकर टीम ने निरीक्षण किया और वहां से करीब 450 किलोग्राम लो-फैट पनीर जब्त कर लिया। इस सामान की अनुमानित कीमत लगभग 1.17 लाख रुपये है।

फैक्ट्री में लो-फैट पनीर तैयार करने और पैक करने का काम चल रहा था। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि जांच में कई गंभीर खामियां मिलीं। परिसर की नाली व्यवस्था सही नहीं थी, दीवारें गंदी थीं और कच्चा माल निर्धारित पैलेट्स पर न रखकर बेतरतीब तरीके से रखा गया था। पैकेट पर लिखी पोषण संबंधी जानकारी की वैध जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। सामग्री सूची में पानी का जिक्र था, लेकिन इस्तेमाल हो रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली।

यह कदम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उठाया गया है। उन्होंने साफ कहा है कि राज्य में केवल प्राकृतिक दूध से बने पनीर और डेयरी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा, एनालॉग पनीर को नहीं। इससे पहले स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भी एनालॉग पनीर पर रोक लगाने की घोषणा की थी।