भोपाल में देशभक्ति का माहौल 32 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा शुरू, CM मोहन यादव भी रहे मौजूद

आजादी की वर्षगांठ से एक दिन पहले राजधानी भोपाल की सड़कें तिरंगे के रंग में रंग गईं। हुजूर क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था कर्मश्री की ओर से आयोजित करीब 32 किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा शुक्रवार सुबह शुरू हुई। इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

यात्रा कोलार सिक्स लेन पर स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से सुबह करीब 10 बजे रवाना हुई और संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी पहुंचकर समाप्त हुई। आयोजकों का दावा है कि इस अभियान में एक लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। करीब 50 हजार वाहनों का पंजीकरण पहले ही हो चुका था। पूरे मार्ग पर लोग हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के नारे लगाते नजर आए। रास्ते में 1100 से ज्यादा जगहों पर स्थानीय लोगों ने स्वागत मंच लगाकर यात्रियों का जोरदार स्वागत किया।

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान और अखंड भारत के संकल्प से प्रेरित है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने यात्रा के दौरान कहा कि हम लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भूले हैं। उन्होंने देश की अखंडता और शहीदों के प्रति सम्मान जताते हुए तिरंगे के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लिया और तिरंगा लेकर आगे बढ़े। पूरा शहर देशभक्ति के जोश से भरा रहा। यात्रा के कारण यातायात व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।