सुप्रीम कोर्ट बोला- ‘ये होनहार युवा हैं’, समय रैना समेत 5 कॉमेडियन को बड़ी राहत

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना और चार अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर तथा आपराधिक मामले खत्म कर दिए। ये मामले उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में दिव्यांग व्यक्तियों पर की गई कथित असंवेदनशील टिप्पणियों से जुड़े थे। राहत पाने वालों में समय रैना के अलावा विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत जगदीश तंवर शामिल हैं।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ (जिसमें जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे) ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने इन पांचों द्वारा दिव्यांग समुदाय के लिए जागरूकता फैलाने और धन जुटाने के प्रयासों की सराहना की।

पीठ ने टिप्पणी की कि ये युवा प्रतिभाशाली हैं। अगर वे अपनी क्षमता को सकारात्मक कामों में लगा रहे हैं तो अच्छे परिणाम जरूर आएंगे। जब ईमानदार प्रयास होते हैं तो सकारात्मक बदलाव भी निश्चित रूप से नजर आता है।

अदालत ने विशेष रूप से इस बात का जिक्र किया कि इन लोगों ने मार्च में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए शतरंज टूर्नामेंट आयोजित किया था। इस कार्यक्रम से न सिर्फ जागरूकता बढ़ी बल्कि स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी (एसएमए) जैसी बीमारियों से जुड़ी संस्थाओं को भी मदद मिली।