राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग) के तीसरे संस्करण का समापन रविवार को भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब में हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाग लिया और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि मध्य प्रदेश खेल क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पहले प्रदेश खेलों में देश में 16वें-17वें स्थान पर था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने का प्रयास चल रहा है। इन स्टेडियमों के साथ विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सकें। खेल विभाग के बजट में वृद्धि पर उन्हें विशेष प्रसन्नता होती है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री का खेलों के प्रति विशेष जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने भोपाल के बड़े तालाब को खेल और पर्यटन दोनों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि सरकार इसका बेहतर सदुपयोग कर रही है। उन्होंने भोपाल में खेल संग्रहालय स्थापित करने की दिशा में पहल करने का सुझाव भी दिया। प्रदेश में वर्तमान में 18 खेलों की 11 अकादमियां संचालित हो रही हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री ने अन्य खेलों में प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। इनमें जूडो में कॉमनवेल्थ गेम्स रजत पदक विजेता यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट के देव कुमार मीणा व कुलदीप कुमार तथा फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े शामिल थे। 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के सदस्यों का भी सम्मान किया गया।