मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की धारणा को कमजोर किया।
सुबह के सत्र में सेंसेक्स करीब 260 अंक गिरकर 77,468.44 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 52 अंक की गिरावट के साथ 24,234.75 पर कारोबार कर रहा था। दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान पर खुले।
निफ्टी-50 में इंफोसिस सहित कई आईटी शेयरों पर बिकवाली का दबाव साफ नजर आया। सेक्टोरल मोर्चे पर आईटी और रियल्टी सबसे ज्यादा कमजोर रहे। इसके विपरीत निफ्टी ऑटो और निफ्टी फार्मा ने बाजार की गिरावट के बीच कुछ मजबूती दिखाई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज कर रहा है। पश्चिम एशियाई तनाव और ऊंची तेल कीमतें बाजार की धारणा पर दबाव बनाए हुए हैं। तकनीकी स्तर पर 24,150 को तत्काल सपोर्ट और 24,450-24,500 के दायरे को महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस माना जा रहा है। बाजार में सुधार की संभावना कच्चे तेल की कीमतों में नरमी या भू-राजनीतिक तनाव में कमी पर निर्भर करेगी।