यूपी के रहने वाले इनकम टैक्स अफसर की कटनी में संदिग्ध मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के निवासी वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की मध्य प्रदेश के कटनी में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे आयकर विभाग के सरकारी रेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। शुक्रवार सुबह उनका शव अंदर से बंद कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला।

सरकारी ड्राइवर कार की चाबी लेने कमरे पहुंचा तो बार-बार बेल बजाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आई। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया। माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। अधिकारी अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े मिले। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान मानवेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे करीब 50 वर्ष के थे और मूल रूप से बाराबंकी के निलालडिया असंदा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता वकील हैं। 2024-25 में उनकी कटनी आयकर कार्यालय में पोस्टिंग हुई थी। तब से वे विभागीय गेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे, जबकि परिवार बाराबंकी में है।

परिवार के अनुसार, उनकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। पत्नी सरकारी शिक्षक हैं और गांव में रहती हैं। छोटे भाई भी सरकारी शिक्षक हैं तथा गोंडा में तैनात हैं। दोनों की कोई संतान नहीं है। कुछ दिनों से अधिकारी का इलाज चल रहा था, लेकिन बीमारी का स्पष्ट विवरण परिवार को नहीं पता।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कमरे से कोई आत्महत्या का नोट नहीं मिला। शरीर पर चोट या संघर्ष के निशान भी नहीं पाए गए। फिलहाल साइलेंट अटैक की संभावना जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार को सूचना दे दी गई है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।