MP में आज से 2 दिन तेज बारिश का अलर्ट, शिवपुरी-मुरैना में स्कूल-आंगनवाड़ी बंद

मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधि एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के करीब 19 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अगले 48 घंटे सिस्टम मजबूत रहने का अनुमान है, जिससे इन इलाकों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। इनके अलावा ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा और मंदसौर में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

लगातार बारिश और संभावित जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। शिवपुरी और मुरैना समेत लगभग सात जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। मुरैना और शिवपुरी में सभी स्कूल व आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। श्योपुर और गुना में नर्सरी से 12वीं तक की छुट्टी है, जबकि ग्वालियर व भिंड में नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।