इंदौर: प्रतीक सेतु से थार 50 फीट नीचे गिरी, चार लोग घायल

शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु पर एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित हो गई। वाहन ने ब्रिज की रेलिंग तोड़ दी और लगभग पचास फीट नीचे गिरकर पलट गया।

गाड़ी में सवार चार लोगों के अंदर फंस जाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना स्थल के ठीक बगल में रेलवे ट्रैक है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक थार अन्नपूर्णा इलाके से बिजलपुर की ओर जा रही थी। ब्रिज पर आए हल्के मोड़ में नियंत्रण खोने के कारण वाहन रेलिंग से टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और गाड़ी नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी।

घायलों में आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या शामिल हैं। एयरबैग खुलने से उनकी जान तो बच गई, लेकिन थार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सौभाग्य से हादसे के समय ब्रिज या नीचे की सड़क पर कोई और वाहन या राहगीर नहीं था।

पुलिस जांच में यह भी देखा जा रहा है कि चालक नशे में तो नहीं था। एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है। टूटी रेलिंग वाले हिस्से को तुरंत सुरक्षित कर दिया गया है।