तमिलनाडु सरकार ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में चल रही मुफ्त नाश्ता योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब कक्षा 6 से 8 तक के छात्र भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को चेन्नई के तिरुवनमियूर स्थित गांधी ग्रामम सरकारी मिडिल स्कूल में ‘पेरुंथलैवर कामराजर ब्रेकफास्ट स्कीम’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने छात्रों से बातचीत की और उनके साथ नाश्ता भी किया।
इससे पहले यह योजना केवल कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए लागू थी। विस्तार के बाद राज्य के करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को मुफ्त नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा कुल 15,454 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में दी जा रही है।
योजना के विस्तार के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। इससे योजना का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपये हो गया है। सरकार का उद्देश्य बच्चों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करना और उन्हें भूखे पेट स्कूल न आने देना है, ताकि वे पढ़ाई पर बेहतर ध्यान केंद्रित कर सकें।
हालांकि चेंगलपट्टू और तिरुप्पुर जिलों में फिलहाल यह योजना लागू नहीं की गई है। इन जिलों में विधानसभा उपचुनाव के कारण आदर्श आचार संहिता लागू है।