तेज बारिश का अलर्ट! MP के आधे हिस्से में पानी गिरेगा, सतना में स्कूल बंद

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के करीब बंगाल की खाड़ी से आए मौसमी सिस्टम ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का खतरा बढ़ा दिया है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने 13 जिलों में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही सागर समेत 16 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं। इन जगहों पर तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

भारी बारिश के अलर्ट में भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटे में अच्छी खासी वर्षा हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे शहरों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

सतना जिले में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों (सरकारी, निजी, केंद्रीय और अन्य) में छुट्टी घोषित कर दी है।