पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में एक बार फिर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों से कुनार और हेलमंद प्रांत सबसे अधिक प्रभावित हुए। अफगानी प्रवक्ता के अनुसार इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 नागरिकों की मौत हो गई तथा 11 अन्य घायल हुए।
प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी विमानों ने जानबूझकर नागरिक घरों को निशाना बनाया, जिससे तीन घर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस घटना से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

गुरुवार करीब तीन बजे कुनार प्रांत के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में एक नागरिक घर पर बमबारी की गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस हमले में पांच लोगों की जान चली गई और तीन घायल हुए। मारे गए लोगों में अधिकतर छोटे बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद इलाके में बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से लोगों को निकाला गया और गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है।
इसी तरह हेलमंद प्रांत के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी नागरिक घरों पर हवाई हमला हुआ। यहां चार नागरिक मारे गए और आठ घायल हुए। अफगानिस्तान के तालिबान प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पिछली रात पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के शेल्टन जिले के चोगाम इलाके और हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में नागरिक घरों पर बमबारी की।