केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज रात करीब 9 बजे राजधानी भोपाल पहुंचने वाले हैं। वे होटल ताज में रात भर रुकेंगे और लगभग 23 घंटे के दौरे के दौरान 3 अक्टूबर को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शाम करीब 8 बजे वे दिल्ली वापस लौटेंगे।
दौरे का सबसे बड़ा कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में होने वाला राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है। इसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य भाग लेंगे। भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम जैसे जिलों से बड़ी संख्या में लोग आने वाले हैं।
सम्मेलन के दौरान अमित शाह पशुपालकों को बोनस राशि देंगे, गौशालाओं के लिए सहायता राशि वितरित करेंगे और अच्छी काम करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान करेंगे। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी सौंपे जाएंगे। इस मौके पर कृषक कल्याण वर्ष और बलराम कृषि महोत्सव के तहत किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
इसके अलावा भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी होगा। उज्जैन में 255 करोड़ रुपये के नए डेयरी प्लांट का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।
अन्य कार्यक्रमों में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन, भौंरी क्षेत्र में आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले ही इस दौरे की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे। शहर में यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी भी कर ली गई है।