एमपी-बिहार से लेकर पंजाब तक बारिश, यूपी में बाढ़ ने बिगाड़े हालात  

उत्तर प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लखनऊ और सीतापुर समेत सात जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। गोंडा जिले के करीब दस गांव अभी भी पानी में डूबे हुए हैं।

राजधानी लखनऊ के इटौंजा इलाके में मंगलवार को एक दुखद घटना घटी। बाढ़ के तेज बहाव में छह दोस्त पानी में बह गए। इनमें से पांच को तो बचा लिया गया, लेकिन एक युवक की जान चली गई। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के कई निचले इलाकों में घरों और सड़कों पर पानी घुस गया है। कुछ मंदिर परिसर भी प्रभावित हुए हैं।

उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश के साथ ओले गिरे। अल्मोड़ा और उत्तरकाशी में ओलावृष्टि दर्ज की गई। हरियाणा के पंचकूला में भी रात के समय गरज-चमक के साथ ओले पड़े। कुछ जिलों में तेज हवाएं चलीं।

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, बिहार सहित उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलता रहेगा।