आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित निजीकरण का विरोध करते हुए बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का दूसरा दिन मनाया। भोपाल में कर्मचारियों ने अपने कामकाज को ठप रखकर एमपी नगर क्षेत्र में प्रदर्शन किया और रैली निकाली।
हड़ताली कर्मचारियों ने एमपी नगर के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जमा होकर विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में रैली निकाली और सभा का आयोजन किया। सभा को विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। इनमें यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और आईडीबीआई बैंक से जुड़े संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे।
कर्मचारियों का कहना है कि सार्वजनिक धन और एलआईसी के सहयोग से बैंक को घाटे से उबारकर मुनाफे की स्थिति में लाया गया है। ऐसे में इसे निजी क्षेत्र में सौंपना जनहित के अनुकूल नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से निजीकरण की प्रक्रिया को तुरंत रोकने और बैंक के सार्वजनिक स्वरूप को बनाए रखने की अपील की।
यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूरे देश में कर्मचारी दो दिनों तक हड़ताल पर हैं। भोपाल में भी शाखाओं का काम प्रभावित रहा। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।