मानसून यूं तो वह मौसम होता है जब चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलती है, बारिश की बूंदें तन-मन को ठंडक देती हैं और चारों ओर हरियाली छा जाती है। लेकिन इस सुहाने मौसम के साथ कुछ चुनौतियां भी आती हैं, खासतौर पर स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें। मानसून का मौसम कई बीमारियों का कारण बन सकता है। इस मौसम में वातावरण में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपने लगते है, जिससे मौसमी बीमारियां जैसे सर्दी-खांसी, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, फूड पॉइज़निंग और स्किन इंफेक्शन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।
ऐसे में ये जरूरी है कि हम मानसून में थोड़ी सावधानी बरतें और अपनी सेहत का खास ख्याल रखें। आइए जानते है कैसे आप इस मानसून खुद को इन बीमारियों से बचा सकते है।
डाइट पर दे ध्यान
मानसून में खुले में मिलने वाले स्ट्रीट फूड या कटे फल खाने से बचें क्योंकि इनमें बैक्टीरिया आसानी से पनपते हैं। घर का बना हुआ फ्रेश और हल्का खाना ही खाए। इन दिनों उबला हुआ पानी पीना सबसे बेहतर होगा क्योंकि मानसून में पानी के जरिए भी कई बीमारियां फैलती हैं।
सफाई पर दे विशेष ध्यान
मानसून में घर और आसपास की साफ-सफाई का वखास ध्यान रखें। जहां कहीं भी पानी इकट्ठा होता है उसे साफ करे, क्योंकि रुके हुए पानी से मच्छर पनपते है जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। अगर घर में भी मच्छरदानी, मॉस्किटो रिपेलेंट और उचित जल निकासी की व्यवस्था जरूर करें।
सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचे
इस मौसम में हल्के, सूती और जल्दी सूखने वाले कपड़े पहनना फायदेमंद होता है वहीं सिंथेटिक कपड़े शरीर पर भीगने से चिपक जाते है साथ ही जल्दी सूखते नहीं है जिससे शरीर में नमी बनी रह जाती है जो फंगल इन्फेक्शन के खतरे को बढ़ता है। इसके अलावा भीगने पर तुरंत कपड़े बदले, वरना आप बीमार पड़ सकते है।
इम्युनिटी पर दे ध्यान
आपका बीमार पड़ना पूरी तरह से आपकी इम्युनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता पर आधारित होता है। इस मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए पर्याप्त नींद लें। रोज योग और व्यायाम करें साथ ही विटामिन C युक्त फल जैसे आंवला, नींबू, संतरा आदि को अपने आहार में शामिल करें।
इस प्रकार आप इस मौसम में कुछ विशेष सावधानियां अपनाकर और सतर्क रह कर मानसूनी बीमारियों से खुद की रक्षा कर सकते है।