भोपाल के अशोका गार्डन में हत्या कर नाले में फेंकी थी लाश, बदमाश गिरफ्तार

CRIME SCENE

अशोका गार्डन इलाके में स्थित एक नाले से पुलिस ने दो तीन दिन पहले एक युवक की लाश बरामद की थी। जिसके शरीर पर चोट के कोई गंभीर निशान नहीं थे, लेकिन पुलिस ने जब मर्ग कायम कर जांच की तो पता चला कि घटना स्थल पर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान दो युवकों ने उस पर आपे आटो चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह टक्कर लगने से नाले गिरा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। टीआई अनुराग लाल के मुताबिक जनता क्वाटर ऐशबाग निवासी अरसद उर्फ दानिश पुत्र असरफ (30) आपे आटो चलाता था। उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। रविवार को पुलिस ने 80 फिट रोड स्थित हरि मैरिज गार्डन के पास नाले से उसक शव बरामद किया था। उसके शरीर पर कान के पास और कंधे पर चोट के निशान मिले थे। शुरूआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा था।

मर्ग जांच के बाद पुलिस ने गल्ला मंडी जहांगीराबाद के रहने वाले आदिल उर्फ कुंती और जावेद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी आदिल उर्फ कुंती और जावेद घटना वाले दिन दोपहर करीब एक बजे अरसद को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।