Recruitment Of Guest Teachers in Mp Schools: मध्य प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025–26 में खाली पदों को भरने के लिए ऑनलाइन माध्यम से आमंत्रण भेजे जाएंगे। इन पदों के लिए अतिथि शिक्षा व्यवस्था के बारे में लोक शिक्षा संचालनालय ने निर्देश जारी किए हैं।
मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के तबादले के बाद अब विद्यालयों में खाली पदों को भरने के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है। शासकीय विद्यालयों में चलते सत्र के बीच इन पदों को भरने के लिए ऑनलाइन माध्यम का उपयोग किया जाएगा। ये सारी कार्यवाही जीएफएमएस पोर्टल के द्वारा की जाएगी। इस पोर्टल के माध्यम से केवल रिक्त पदों पर ही नियुक्तियां की जा सकेंगी।
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दी जानकारी
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों में कहा गया है शैक्षणिक सत्र 2025–26 में शिक्षाको के तबादले के चलते नई नियुक्तियां की जानी है जिसकी जानकारी एजुकेशन पोर्टल 3.0 के अंतर्गत जीएफएमएस पोर्टल पर डिस्प्ले की गई है। अतिथि शिक्षकों के पहले चरण की प्रक्रिया 26 जून से शुरू कर दी गई है। इसके दूसरे चरण की प्रक्रिया 5 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक चलेगी।
शिक्षा विभाग ने ये भी कहा कि ये प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी, जिसमें नियुक्तियां भी ऑनलाइन माध्यम से ही किए जाएंगे और कोई ऑफलाइन आमंत्रण नहीं होगा। ये व्यवस्था इसलिए भी बनाई गई है क्योंकि विद्यालयों में नियमित शिक्षा हेतु शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं जिससे बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा।