NEP के बाद एमपी बोर्ड ने किया बड़ा बदलाव, 13 साल से कम उम्र वालों को 9वीं में प्रवेश नहीं

एमपी बोर्ड

MP Board New Update: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए 1 जुलाई से 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। इस बार परीक्षा फॉर्म को लेकर कई अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब कक्षा 9वीं में केवल वही छात्र प्रवेश ले पाएंगे, जिनकी उम्र 13 वर्ष या उससे अधिक होगी।

नई शिक्षा नीति के तहत बदलाव

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) लागू होने के बाद एमपी बोर्ड ने अपने परीक्षा संबंधी नियमों में कई संशोधन किए हैं। अब परीक्षा फॉर्म भरने के लिए छात्रों को अपार आइडी अनिवार्य रूप से देना होगा। यह पहचान संख्या प्रत्येक छात्र की शैक्षणिक जानकारी को डिजिटली ट्रैक करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

महत्वपूर्ण तिथियां और शुल्क

कक्षा 10वीं व 12वीं के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को 1 जुलाई से 15 सितंबर 2025 तक रखा गया है। विद्यार्थीयों को ऑनलाइन माध्यम से 1200 रुपये का शुल्क देना पड़ेगा। वहीं कक्षा 9वीं के नामांकन की तिथि1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक रखी गई है जिसके लिए 350 रुपये की समान्य नामंकन शुल्क देना होगा।

डमी प्रवेश पत्र की नई व्यवस्था

इस वर्ष से एमपी बोर्ड छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, फॉर्म भरने की अंतिम तिथि के 7 दिन बाद डमी प्रवेश पत्र उपलब्ध कराएगा। प्रत्येक स्कूल प्राचार्य को यह डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर यह सुनिश्चित करना होगा कि विषय, माध्यम, व नामों में कोई गलती न हो। इसके लिए छात्रों और उनके अभिभावकों से भी गलतियाँ चेक कराई जाएगी।

गलती के लिए प्रिंसिपल होंगे जिम्मेदार

अगर किसी भी विद्यार्थी के फॉर्म में कोई गलती पाई जाती है, तो उसके लिए संबंधित प्रिंसिपल जिम्मेदार माने जाएंगे। प्रत्येक प्रिंसिपल को एक घोषणा-पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा कि उनके स्कूल के सभी फॉर्म हैं। बिना गलती के हो। बिना घोषणा पत्र एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।