CM Mohan Yadav’s roadshow in Ludhiana: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार का निवेश संवाद कार्यक्रम ‘एडवांटेज एमपी’ आज लुधियाना में आयोजित होगा। लुधियाना में वर्ष का तीसरा बड़ा रोड शो आयोजित भी किया जा रहा है, जिसमें टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और आईटी जैसे क्षेत्रों से जुड़े दिग्गज उद्योगपति मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं से रूबरू होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में बेंगलुरु और सूरत में हुए निवेश रोड शो को बड़ी सफलता मिली थी। लुधियाना में यह कार्यक्रम राज्य की औद्योगिक क्षमताओं, स्थायी नीतियों और निवेश-अनुकूल माहौल को देशभर के निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ट्राइडेंट ग्रुप के मुख्यालय में आयोजित हाई-टी इंटरेक्शन में भाग लेंगे।
सीएम बोले-अच्छा निवेश आएगा
जब से हमारी सरकार बनी है, मध्य प्रदेश में लगातार रोजगार के नए अवसर खासकर युवाओं को मिल रहे हैं। हमारे राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रयास चल रहे हैं, खासकर फसल आधारित उद्योगों को, ताकि फसलों को उचित मूल्य मिले, और डेयरी उत्पादों के लिए भी उद्योग लगें। सूरत और बेंगलुरु के बाद, मैं आज लुधियाना जा रहा हूं। बड़े उद्योगों को हमारे मध्य प्रदेश में लाने के प्रयास के लिए मैं आज पूरा दिन लुधियाना में बिताऊंगा। उम्मीद है कि हमारे यहां अच्छा निवेश आएगा।
इंडस्ट्री विजिट्स: वर्धमान और दीपक फास्टनर का दौरा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव लुधियाना स्थित प्रतिष्ठित उद्योग समूहों वर्धमान टेक्सटाइल और दीपक फास्टनर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे उत्पादन, तकनीक और प्रबंधन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी लेंगे और मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। डॉ. यादव लुधियाना के उद्योगजगत की हस्तियों से व्यक्तिगत बैठकों के माध्यम से संभावित निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक साझेदारी और सरकारी सहयोग की जरूरतों पर चर्चा करेंगे। इन संवादों का उद्देश्य व्यावहारिक, परिणामोन्मुखी और दीर्घकालिक औद्योगिक सहयोग को सशक्त बनाना है।