Nimisha Priya’s hanging Postponed: यमन से एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केरल की नर्स निमिषा प्रिया की फांसी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। निमिषा को 16 जुलाई 2025, यानी कल, फांसी दी जानी थी, लेकिन यह तारीख अभी के लिए स्थगित (postponed) कर दी गई है। भारत सरकार लगातार यमन सरकार के संपर्क में बनी हुई है और इस मामले पर सक्रियता से काम कर रही है।
‘ब्लड मनी’ के लिए मिला अतिरिक्त समय
भारत सरकार, निमिषा की फांसी रुकवाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने यमन से कुछ और दिनों का समय मांगा था, ताकि निमिषा का परिवार पीड़ित परिवार को ‘ब्लड मनी’ के लिए मना सके। निमिषा प्रिया का यह मामला बेहद संवेदनशील था, इसके बावजूद भारत सरकार लगातार यमन के अधिकारियों के साथ संपर्क में थी। आखिरकार, भारत सरकार की कोशिशें रंग लाईं और निमिषा की फांसी को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। हालांकि, यह फांसी कब तक के लिए टली है, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है।
क्या ‘ब्लड मनी’ से बचेगी निमिषा की जान?
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान भारत सरकार ने स्पष्ट किया था कि निमिषा की जान बचाने का एकमात्र रास्ता यही है कि पीड़ित परिवार ‘ब्लड मनी’ स्वीकार कर ले। पीड़ित परिवार को 10 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.5 करोड़ रुपये) का ‘ब्लड मनी’ देने की पेशकश की गई है। हालांकि, पीड़ित परिवार ने अभी तक इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। निमिषा के भाग्य का फैसला अब इस ‘ब्लड मनी’ समझौते पर ही टिका है।