7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 5 में स्कूल बंद, छतरपुर में घर गिरे, दो लोगों की मौत

Rain Alert in 7 Districts in MP: मध्यप्रदेश में बारिश का दौ जारी है। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, इस वजह से स्कूल-कॉलेज प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह बारिश के कारण हादसे भी सामने आए हैं। शहडोल में सीवर लाइन की खुदाई में मिट्टी धंस गई। इस वजह से दो मजदूर दब गए। उनकी मौत हो गई। इधर, आज भी ग्वालियर-चंबल के 7 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है। नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में भारी बारिश हो सकती है। टीकमगढ़, रीवा, सतना, डिंडौरी और मऊगंज में शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। छतरपुर में तेज बारिश की वजह से अलग-अलग गांवों में दो मकान ढह गए। पहली घटना में बेटी की मौत हो गई, मां घायल है। दूसरी घटना में युवक की जान चली गई। गुरुवार रात करीब 11 बजे डैम के तीन गेट खोल दिए गए। 180 क्यूमैक पानी छोड़ा गया। टीकमगढ़ में पूनौल नाला उफान पर है। पुल के ऊपर से 3 फीट तक पानी बह रहा है। झांसी हाईवे पर ट्रैफिक बंद करा दिया गया है।

टीकमगढ़ में रातभर हुई बारिश के चलते दिगौड़ा थाना क्षेत्र में पूनौल नाला उफान पर है। पुल के ऊपर से 3 फीट तक पानी बह रहा है। पुलिस-प्रशासन की टीमें तड़के से ही मौके पर पहुंच गई हैं। झांसी हाईवे पर ट्रैफिक बंद करा दिया गया है। दूसरी ओर दतिया के इंदरगढ़ कस्बे में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बने हैं। वार्ड नंबर 11 में करीब 5 फुट तक पानी भरा है। लोग नाव के सहारे अपने काम निपटा रहे हैं।

बेटी की मौत, मां घायल, उर्मिल नदी चढ़ने से 200 परिवार फंसे

छतरपुर के ढिलापुर गांव में तेज बारिश की वजह से बीती रात कच्चा मकान ढह गया। मकान के अंदर सो रही मां-बेटी मलबे में दब गईं। हादसे में बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, मां घायल है। उधर, हतना गांव में घर के अंदर बंधे जानवर बाहर निकालते वक्त कच्चा घर नीचे आ गिरा। जिसमें युवक की मौत हो गई। दूसरी ओर छतरपुर में उर्मिल नदी उफान पर है। नदी का पानी धामची गांव में घुस चुका है। यहां करीब 200 परिवार फंसे हैं। उन्हें घरों की छत पर शरण ली है। लोगों ने प्रशासन से रेस्क्यू करने की गुहार लगाई है। छतरपुर के रनगुवां डैम के सभी 12 और कुटनी बांध के 7 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं बानसूजारा बांध का जलस्तर बढ़ गया।