बांग्लादेश की राजधानी ढाका से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. आज दोपहर बांग्लादेश वायु सेना का एक F-7 प्रशिक्षण विमान ढाका के उत्तरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुखद हादसे में फिलहाल 19 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.
स्कूल परिसर से टकराकर लगी आग
हादसे के तुरंत बाद विमान में आग लग गई, जिस पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है. हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है. हालांकि, अभी तक हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. एक छात्र के अनुसार, विमान दोपहर लगभग 1:30 बजे उत्तरा 17 स्थित माइलस्टोन कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विमान स्कूल की इमारत से टकराया, जिसके बाद उसमें आग लग गई. हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोग भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भागे.
VIDEO | Dhaka: Bangladesh Air Force training jet crashes into a school in Dhaka, killing at least one person, fire official says. More details awaited.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 21, 2025
(Source: PTI Videos) pic.twitter.com/bzXMGqJTEE
राहत और बचाव कार्य जारी
लड़ाकू विमान के क्रैश होने की सूचना मिलते ही, अग्निशमन विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया. बांग्लादेश सेना के सदस्यों के साथ-साथ अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा की आठ गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची हैं. फिलहाल, राहत और बचाव का अभियान तेजी से जारी है. सेना और एक अग्निशमन अधिकारी ने हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के समय स्कूल परिसर में बच्चे मौजूद थे, जहां कक्षाएं चल रही थीं. बांग्लादेश सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने एक संक्षिप्त बयान में पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान F-7 वायु सेना का था. अग्निशमन अधिकारी लीमा खान ने फोन पर बताया कि इस दुर्घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है और चार अन्य घायल हुए हैं, हालांकि यह संख्या बढ़ने की आशंका है.