फंस रही मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस, जेपी में CHMO ऑफिस के सामने अव्यवस्थित पार्किंग से सैकड़ों परेशान

राजधानी के जिला अस्पताल जेपी हॉस्पिटल में इन दिनों पार्किंग की अव्यवस्था से यहां आने वाले सैकड़ों लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं। सीएमएचओ आॅफिस के आसपास अव्यवस्थित वाहनों के खड़े करने के कारण कई बार ऐसी स्थिति बनती है कि मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस भी अस्पताल परिसर के अंदर जाम में फंस जाती है। इस संबंध में लगातार मरीज के परिजन और डॉक्टर जेपी अस्पताल प्रबंधन को सूचना दे चुके हैं। इसके बाद भी प्रबंधन इस मामले में कोई सख्त कदम नहीं उठा रहा है, जिसके कारण आए दिन अस्पताल परिसर के अंदर जाम की हालत बन रही हैं।

जेपी हॉस्पिटल के सिविल सर्जन, डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव का बयान

यह बात सही है, परिसर के अंदर सीएमएचओ आॅफिस के आसपास सुबह से दोपहर तक जाम के हालात बनते हैं। वहां कई एंबुलेंस भी खड़ी है। साथ ही, सीएमएचओ आॅफिस के पास आधा दर्जन से अधिक कार्यालय होने के कारण वाहनों की भरमार ज्यादा है। मैं इस संबंध में तत्काल पार्किंग ठेकेदार को निर्देश देता हूं, ताकि वहां जाम की स्थिति ना बने।

8 फीट की सड़क पर ही वाहन हो रहे हैं खड़े

जेपी अस्पताल परिसर के अंदर 8 से 10 फीट की सड़क है, जो परिसर से सीएमएचओ कार्यालय होते हुए तुलसी नगर की तरफ निकलती है। इस सड़क पर ही दर्जनों वाहन सुबह से दोपहर तक खड़े रहते हैं, जो जाम का कारण बनते हैं। यही नहीं सीएमएचओ आॅफिस के आसपास आधा दर्जन से अधिक कार्यालय होने के कारण यहां आने वाले लोग और कर्मचारी भी सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे भी स्थिति बिगड़ती हैं।