मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड को 400 रन के भीतर समेटना चाहेगा भारत, बुमराह, सिराज और अंशुल पर रहेंगी निगाहें

भारतीय टीम मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन आज इंग्लैंड को पहली पारी में 400 रन के भीतर समेटने का प्रयास करेगा।

इससे पहले दूसरे दिन भारतीय टीम पहली पारी में 358 रन बनाने में सफल रही। दिन के खेल के अंत तक इंग्लैंड ने दो विकेट खोकर 225 रन बना लिए थे। भारत की ओर से रविंद्र जडेजा और अंशुल कंबोज ने 1-1 विकेट लिया। इंग्लैंड फिलहाल 133 रन पीछे है। तीसरे दिन का खेल भारत के लिए यह महत्वपूर्ण होगा कि वे जल्द से जल्द विकेट हासिल करें और इंग्लैंड को 400 रन के अंदर समेट दें। तीसरे दिन का खेल दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। दूसरे दिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैक क्राउली ने पहले विकेट के लिए 166 रनों की शानदार साझेदारी की, जिससे भारतीय गेंदबाजों को कड़ी चुनौती मिली। जैक क्रॉली ने 84 और बेन डकेट ने 94 रन बनाए। जो रूट और ओली पोप नॉटआउट लौटे। दोनों मुकाबले के तीसरे दिन इंग्लैंड की पारी आगे बढ़ाएंगे। भारतीय टीम की तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मो. सिराज और अंशुल कंबोज पर निगाहें रहेंगी।

चोटिल ऋषभ पंत की जगह जगदीशन को बुलाया गया

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में चोटिल होने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह एन जगदीशन को बुलाया गया है। घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए खेलने वाले जगदीशन को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिला है। जगदीशन ने साल 2016 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद से वह लगातार अपने खेल से सबको प्रभावित किया है। वहीं तमिलनाडु प्रीमियर लीग में भी उन्होंने कमाल का खेल दिखाया है। ऐसे में अब उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला है। जगदीशन का भारतीय क्रिकेट टीम में पहला कॉल अप है। घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें यह मौका मिला है। घरेलू क्रिकेट में उनके खेल के बारे में बात करें तो वह अब तक कुल 52 फर्स्ट क्लास मैचों में मैदान पर उतर चुके हैं।

फिर भिड़े सिराज- डकेट, उंगली से इशारा करने पर अंपायर से की शिकायत

मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन भी भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों के बीच थोड़ी बहस बाजी होती हुई दिखी। हम बात कर रहे हैं बेन डकेट और मोहम्मद सिराज की। इस सीरीज में ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब मोहम्मद सिराज और बेन डकेट के बीच माहौल गर्म हो गया हो। स्टार स्पोर्ट्स ने अपने आॅफीशियल इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो शेयर की है, जिसमें सिराज और बेन डकेट एक दूसरे से भिड़ जाते हैं। सिराज कुछ कह रहे होते हैं। सिराज उनको उंगली से इशारा करते हैं। वहीं डकेट अंपायर से कुछ शिकायत करते हुए नजर आ रहे होते हैं।