सीएसडीएस के संजय कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव पर गलत आंकड़ों के लिए मांगी माफी

सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (CSDS) के जाने-माने चुनावी विश्लेषक, प्रोफेसर संजय कुमार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से संबंधित एक एक्स पोस्ट के लिए माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना करते समय उनसे गलती हुई थी। यह जानकारी बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल पर दी, जिन्होंने बताया कि संजय कुमार के इन आंकड़ों का हवाला देकर कई कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे।

प्रोफेसर संजय कुमार ने स्वीकार की गलती

प्रोफेसर संजय कुमार ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “महाराष्ट्र चुनावों के संबंध में पोस्ट किए गए ट्वीट के लिए मैं तहे दिल से माफी चाहता हूं। 2024 के लोकसभा और 2024 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना में हमारी डेटा टीम ने गलती से गलत आंकड़े पढ़ लिए थे। गलत सूचना फैलाने का मेरा कोई इरादा नहीं था।” उन्होंने यह भी बताया कि अब उस पोस्ट को हटा दिया गया है।

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “जिस संस्थान के आंकड़ों पर भरोसा कर राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के मतदाताओं को बदनाम किया, उसने खुद अपनी गलती मान ली है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने बेशर्मी से निर्वाचन आयोग को निशाना बनाया और यहां तक कि मतदाताओं को भी ‘नकली’ कहा। अब राहुल गांधी को तुरंत भारत की जनता से अपनी गैर-जिम्मेदार राजनीति के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।”

अब कांग्रेस की बारी

संजय कुमार द्वारा माफी मांगने के बाद अब सबकी निगाहें कांग्रेस पर टिकी हैं। कांग्रेस ने इन्हीं गलत आंकड़ों के आधार पर बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाती है और क्या वह अपने आरोपों पर पुनर्विचार करती है।