एमपी पर्यटन को नई ऊँचाई पर ले जाने की तैयारी: मुख्यमंत्री यादव ने स्टेकहोल्डर्स के साथ की सीधी बातचीत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित क्षेत्रीय पर्यटन सम्मेलन (रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव) में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों, फिल्म निर्माताओं और वन्यजीव विशेषज्ञों के साथ सीधी चर्चा की. इस दौरान उन्होंने राज्य में पर्यटन के विस्तार की योजनाओं, महत्वपूर्ण स्थलों और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से बात की. साथ ही, सीएम यादव ने सभी उपस्थित लोगों से मध्य प्रदेश में पर्यटन को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए.

इन प्रमुख हस्तियों ने लिया हिस्सा

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई बड़े व्यावसायिक घरानों और संगठनों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन मीटिंग की. इनमें नीमराना होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमन नाथ, एकौर के उपाध्यक्ष विनीत मिश्रा, और भारतीय टूर ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष रवि गोसाईं शामिल थे. इसके अलावा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक के.के. मुहम्मद, आगा खान ट्रस्ट फॉर कल्चर इन इंडिया के सीईओ रतीश नंदा, एस्सार समूह के वरिष्ठ उपाध्यक्ष असद लालजी और रॉयल ओपेरा हाउस मुंबई के क्यूरेटर अंकुर माहेश्वरी जैसे महत्वपूर्ण लोग भी इस चर्चा में शामिल हुए.

‘मध्य प्रदेश में पर्यटन सबसे अच्छा हो’

पर्यटन क्षेत्र के हितधारकों के साथ हुई इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देना था. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सरकार मध्य प्रदेश में पर्यटन के विकास और विस्तार के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से सक्रिय रूप से सुझाव देने का आग्रह किया ताकि पर्यटन को विश्व स्तर पर बेहतर बनाया जा सके.

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना और पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी शामिल थे.