24 घंटे में सुलझी गुत्थी, सगाई से नाराज़बॉयफ्रेंड ने की थी प्रेमिका की हत्या

भोपाल (मध्य प्रदेश): टीटी नगर पुलिस ने पंचशील नगर में हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

सगाई से नाराज़गी बनी मौत की वजह

टीटी नगर के थाना प्रभारी गौरव सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी *मुबीन खान* (20) और 19 वर्षीय पीड़िता एक ही मोहल्ले में रहते थे। मुबीन पेशे से दर्जी है। दोनों की दोस्ती करीब छह-सात महीने पहले हुई थी, जिसके बाद उनका प्रेम संबंध शुरू हो गया।

हालांकि, दो महीने पहले लड़की के परिवार ने उसकी सगाई कोहेफिजा के एक लड़के से तय कर दी। उनकी शादी अक्टूबर में होने वाली थी। इस बात से मुबीन नाराज हो गया और उसने लड़की पर सगाई तोड़ने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। लेकिन लड़की ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाने से इनकार कर दिया।

चाकू लेके मृतक लड़की घर मे घुसा था

पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात मुबीन पड़ोसी के टेरेस से होते हुए चाकू लेकर लड़की के घर में घुस गया। चूंकि वह पहले भी उसके कमरे में आ-जा चुका था, इसलिए लड़की उसके इरादों से अनजान थी। देर रात करीब 3 बजे उसने लड़की का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और पीछे के दरवाजे से फरार हो गया। हत्या के बाद जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए उसने मौके पर एक शेविंग ब्लेड भी रख दिया था।

मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे लड़की का शव उसके कमरे में मिला। इसके बाद डीसीपी (जोन-1) शशांक ने टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद मुबीन खान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मुबीन ने अपना अपराध कबूल कर लिया।