दो छात्रों समेत चार गिरफ्तार, 56 हजार की नकली करंसी बरामद

इंदौर: रविवार रात पुलिस ने नकली नोटों का जाल फैलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस दौरान दो छात्रों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹56,000 मूल्य के नकली नोट और एक कलर प्रिंटर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान यशराज मीणा और शुभम मीणा (निवासी खंडवा) तथा उनके रिश्तेदार हेमंत कुशवाहा और सौरभ (निवासी हरदा) के रूप में हुई है। आरोप है कि ये सभी अपने घर पर नकली नोट छाप रहे थे।जांच में पता चला कि आरोपियों ने यूट्यूब वीडियो देखकर नकली नोट बनाने की तकनीक सीखी थी। इसके लिए उन्होंने बाजार से कलर प्रिंटर और खास किस्म का कागज खरीदा था।

₹24,000 नकली नोट थमाने की तैयारी 

सूचना मिलने पर पुलिस ने एमआर-10 पर बैरिकेडिंग कर आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ₹200 के नकली नोट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि पहली बार आरोपियों ने ₹10,000 के नकली नोट सिर्फ ₹3,000 असली नोटों में बदले थे। दूसरी डील में वे ₹24,000 नकली नोट थमाने जा रहे थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया।

फिलहाल चारों आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने प्रिंटर, स्पेशल पेपर और नकली नोट बरामद कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।