भोपाल मेट्रो: भोपाल में मेट्रो ट्रेन के कमर्शियल रन की तारीख जल्द तय हो सकती है। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम ने गुरुवार को ट्रेन और मेट्रो डिपो से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्यों का निरीक्षण किया। अब दूसरी टीम मेट्रो स्टेशन का जायजा लेने के लिए जल्द ही भोपाल आने वाली है। दोनों टीमों की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर ही मेट्रो के शुभारंभ की तारीख निर्धारित होगी।
ट्रेन और कोच में ये सुविधाएं
पहली टीम ने सब-नगर स्थित मेट्रो डिपो और प्रॉयोरिटी कॉरिडोर (6.22 किलोमीटर रूट) का गहन निरीक्षण किया। टीम ने खास तौर पर मेट्रो कोचों में यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर ध्यान दिया, जिनमें शामिल हैं: यात्री सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन, सीसीटीवी कैमरे,आरामदायक बैठने की व्यवस्था, वातानुकूलित (AC) कोच, चार्जिंग पॉइंट, वास्तविक समय यात्री सूचना प्रणाली (Real-time Passenger Information System)
इसके अलावा, टीम ने डिपो में ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC), बिजली की पर्याप्त व्यवस्था, अनुरक्षण-बे, स्टेबलिंग लाइन, रिपेयर-बे, और फायर सेफ्टी के इंतजामों का भी जायजा लिया।
दूसरी टीम देखेगी सभी 8 स्टेशन
CMRS की दूसरी टीम 10 दिन के अंदर भोपाल आ सकती है। यह टीम प्रायोरिटी कॉरिडोर पर स्थित सभी 8 स्टेशनों का निरीक्षण करेगी, जिनमें सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, आरकेएमपी, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स शामिल हैं। टीम मुख्य रूप से स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था और यात्रियों की सहूलियत के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं पर अपनी रिपोर्ट देगी।
अक्टूबर में पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
भोपाल मेट्रो का कमर्शियल रन अक्टूबर में प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे हरी झंडी दिखाएंगे और भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बन सकते हैं। इससे पहले, रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन (RDSO) की टीम ने भी निरीक्षण किया था और उसकी ‘ओके’ रिपोर्ट मिल चुकी है।
भोपाल मेट्रो का काम 2018 में एम्स से सुभाष नगर के बीच 6.22 किलोमीटर पर शुरू किया गया था। इस रूट पर सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन (RKMP) तक का काम पूरा हो चुका है। शेष बचे स्टेशनों पर काम तेज़ी से किया जा रहा है। भोपाल में पहली बार मेट्रो 3 अक्टूबर 2023 को पटरी पर दौड़ी थी, जब मुख्यमंत्री ने ट्रायल रन किया था।