बिहार की महिलाओं को बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने लॉन्च की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत, प्रधानमंत्री राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये ट्रांसफर करेंगे। 7,500 करोड़ रुपये की यह राशि आजीविका के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास का हिस्सा है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री इन महिला लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। इस योजना के अंतर्गत 10,000 रुपये का प्रारंभिक अनुदान प्रदान किया जाएगा तथा आगामी चरणों में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने की संभावना है। यह योजना समुदाय आधारित होगी, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़े सामुदायिक संसाधनों के माध्यम से संबंधित महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए राज्य में ग्रामीण हाट-बाजार भी विकसित किए जाएंगे। महिला रोजगार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

योजना का लाभ?

यह योजना का लाभ केवल वही महिलाएं उठा सकती हैं, जो बिहार की स्थायी निवासी हों। इसमें राज्य की ग्रामीण महिलाओं के साथ शहरी महिलाएं भी शामिल हैं। इस योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए महिला जीविका स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से संबंधित होना अनिवार्य है। हालाँकि, यह अवसर उन महिलाओं के लिए भी खुला है जो अभी तक जीविका से जुड़ी नहीं हैं। उन्हें पहले किसी स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनना होगा। सदस्य बनने की प्रक्रिया सरल रखी गई है, इसके लिए निर्धारित आवेदन पत्र भरना होगा तथा आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, निवास प्रमाण पत्र आदि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

आवेदन कैसे करें

महिला रोजगार योजना के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को बहुत सरल और आसान बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपने ग्राम संगठन या आजीविका समूह के माध्यम से सीधे आवेदन कर सकती हैं। समूह का एक प्रतिनिधि उन्हें फॉर्म भरने और दस्तावेज़ जमा करने में सहायता करेगा। शहरी क्षेत्रों की महिलाएं जीविका की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में फॉर्म भरना और आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन की गई प्रतियां अपलोड करना शामिल है। आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज में आधार कार्ड (पहचान प्रमाण के रूप में), बैंक पासबुक (खाते का विवरण सुनिश्चित करने के लिए), पैन कार्ड (वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता हेतु) और पासपोर्ट साइज फोटो है।