भोपाल: कमला नगर थाना क्षेत्र में स्थित आाराधना नगर चौराहे के पास आज सुबह एक टेंट हाउस की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं उठते देख राहगीरों ने फायर कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इसके बाद करीब ढाई घंटे में आग काबू में आ सकी। आग से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। अंदर सिलेंडर भी रखे थे। गनीमत रही कि वो फटे नहीं, वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था। जानकारी के मुताबिक दुकान में आज सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई थी। यह दुकान लल्ला प्रेम द्विवेदी की है। दुकान में टेंट और कैटरिंग का पूरा सामान रखा था।
आग लगने की सूचना मिलते ही माता मंदिर और पुल बोगदा फायर स्टेशन से 3 दमकलें मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान लोग भी आगे बुझाते हुए नजर आए। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान में रजाई-गद्दें भरे हुए थे। इससे आग तेजी से भड़क गई। रहवासी सोनू सूर्यवंशी ने बताया कि दुकान में से धुआं निकलते देख दमकल को सूचना दी गई। आग से रजाई-गादी, पर्दे समेत टेंट का सभी सामान जल गया। 10 से 12 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आगजनी का केस दर्ज नहीं किया है।