पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस घटना से जुड़े दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। यह भयावह घटना 10 अक्टूबर की रात 8 से 9 बजे के बीच हुई थी, जिसने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित ओडिशा की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा है। घटना कोलकाता से लगभग 170 किलोमीटर दूर, कॉलेज कैंपस गेट के ठीक सामने जंगल में हुई। पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। कैंपस गेट पर खड़े तीन युवकों ने उसे रोका, उसका मोबाइल छीना, और बाल पकड़कर जंगल में घसीटकर ले गए। इस दौरान पीड़ित का दोस्त वहाँ से भाग गया और बाद में उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे अकेला छोड़ने के बाद उसका रेप किया और किसी को बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी, साथ ही मोबाइल वापस करने के लिए पैसे भी मांगे थे।
जांच और कार्रवाई
पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डिप्टी मजिस्ट्रेट और एसडीओ दुर्गापुर, रंजना रॉय ने पीड़ित से मुलाकात के बाद बताया कि छात्रा की हालत स्थिर है और उसकी माँ उसके साथ हैं। पीड़ित के माता-पिता ने इस घटना में लड़की के दोस्त और उसके साथियों के शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकाली जा रही है और मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। 11 अक्टूबर को पीड़ित के माता-पिता ने दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाने में केस दर्ज कराया था।
सुरक्षा और राजनीतिक प्रतिक्रिया
छात्रा के पिता ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए अच्छे माहौल की उम्मीद में भेजा था, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि उसके साथ ऐसा होगा। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की टीम आज दुर्गापुर पहुंचकर मामले की जांच करेगी। वहीं, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को “बलात्कारियों और अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना” बना दिया है।