खंडवा में आज दादा धूनीवाले मंदिर के नवनिर्माण की नींव रखी जा रही है। 5 कन्याओं ने एक के बाद एक गेंती चलाकर भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो रहे हैँ। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कन्याओं और संतों को 500-500 रुपए देकर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर 100 करोड़ रुपए से बनकर तैयार होगा। इसमें 84 ओपन और 24 कवर्ड मिलाकर कुल 108 खंभे होगें। दूसरी ओर पानी की हर बूंद को सहेजने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन और वॉटरशेड सम्मेलन सोमवार को रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल शामिल हो रहे हैं और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश में 3 माह के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया गया। इस दौरान जल स्त्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर लगातार कार्य किया गया। सोमवार को अभियान के समापन कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 578.08 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए 57 हजार 207 जल संरक्षण कार्य, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वॉटरशेड विकास के अंतर्गत 63.46 करोड़ रुपये की लागत से 888 जल संरक्षण के कार्य, वॉटरशेड परियोजनाओं के कार्यों के प्रबंधन और अनुश्रवण के लिए वॉटरशेड वर्क मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर का लोकार्पण किया जाएगा।
1518 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में 1518 करोड़ रुपये से अधिक के जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 4 सिंचाई परियोजनाओं क्रमश: भाम राजगढ़ मध्यम सिंचाई परियोजना, बिहार सारोला बैराज, लाजैरा बैराज, हापला दीपला बैराज लघु सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं की लागत करीब 312.77 करोड़ रुपये है, जिससे 8557 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। इससे 21 ग्रामों के 7260 किसान लाभांवित होंगे। नर्मदा घाटी विकास विभाग की जावर माईक्रो उद्वहन सिंचाई योजना प्रशासकीय स्वीकृति रुपए 563.72 करोड़ का लोकार्पण भी किया जाएगा।