अमेरिका से ट्रेड डील लॉक 8 जुलाई को ऐलान संभव, अंतरिम व्यापार समझौते की शर्तों पर दोनों देशों में बनी सहमति

India- America Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की शर्तों को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति बन चुकी है। अब इस ट्रेड डील का ऐलान आठ जुलाई को हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि भारत की ओर से वाणिज्य विभाग के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल इस समझौते के मुख्य वार्ताकार थे, जिनकी अगुवाई में वॉशिंगटन में इस समझौते पर सहमति बनी है। भारत और अमेरिका के बीच यह समझौता ऐसे समय पर होने जा रहा है, जब ट्रंप द्वारा दुनियाभर के देशों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ की समयावधि नौ जुलाई को समाप्त होने जा रही है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो जुलाई को दुनियाभर के कई रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था लेकिन इन टैरिफ पर मचे हंगामे के बाद अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 26 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ को नौ जुलाई तक के लिए सस्पेंड कर दिया था हालांकि, 10 फीसदी का बेसलाइन टैरिफ भारत पर ज्यों का त्यों लगा हुआ है। भारत इस 26 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ से छूट की कोशिशें कर रहा था।

अलग अलग बयानों से बढ़ गया था संशय

ट्रंप ने दुनियाभर में टैरिफ की घोषणा कर तहलका मचा दिया था. टैरिफ लागू होने के बाद ट्रंप ने दुनिया के अलग-अलग देशों को 3 महीने की टैरिफ में राहत दी थी। यह समयसीमा 9 जुलाई को समाप्त होने वाली है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि टैरिफ लागू करने के लिए दी गई यह तारीख आखिरी नहीं है। इसे बढ़ाया या घटाया जा सकता है। हमारे मन में जो आएगा वो हम करेंगे। यह इस पर निर्भर करता है कि दूसरे देशों के साथ व्यापारिक बातचीत कितनी तेजी से आगे बढ़ती है।

विदेश मंत्री क्वाड समिट के लिए रवाना आतंकवाद पर चार देशों से सीधे बात

विदेश मंत्री एस जयशंकर आज 4 दिवसीय अमेरिकी दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य क्वॉड देशों (भारत, अमेरिका, आॅस्ट्रेलिया और जापान) के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेना और संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आतंकवाद पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करना है। एक जुलाई को आयोजित होने वाली क्वॉड बैठक में मंत्री हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र की स्थिति, वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों, तथा आगामी क्वॉड लीडर्स समिट के एजेंडे पर चर्चा करेंगे। आतंकवाद भी समिट का अहम मुद्दा है।

ट्रंप-नेतन्याहू अल्लाह के दुश्मन, फतवा जारी

ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ‘अल्लाह का दुश्मन’बताया है। ईरान के टॉप शिया धर्मगुरुओं में से एक ग्रैंड अयातुल्ला नासर मकरम शिराजी ने दोनों के खिलाफ फतवा जारी दुनिया भर के मुसलमानों से कार्रवाई करने का आह्वान किया है।