India Vs England Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय तेज गेंदबाज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की लाइन-लेंथ से छुटकारा पाने के लिए दो रंग की गेंदों से अभ्यास करते दिखे। सत्र की शुरुआत में जसप्रीत बुमराह के आधा सफेद और आधा लाल रंग की गेंद से गेंदबाजी की । इसके बाद टीम के अन्य गेंदबाजों ने भी दो रंगों की गेंद से गेंदबाजी की। अभ्यास सत्र में एक से अधिक रंग वाली गेंदों का उपयोग करना एक आम बात है। भारतीय तेज गेंदबाज इंग्लैंड दौरे की शुरुआत से ऐसा कर रहे हैं। भारतीय तेज गेंदबाज सफेद गेंद के लंबे सत्र (चैंपियंस ट्रॉफी और आईपीएल) के बाद इंग्लैंड दौरे पर आये हैं।
भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोइशे ने कहा कि दो रंग की गेंदों से अभ्यास करने से लाल गेंद (टेस्ट मैच) के खेल से सफेद गेंद (सीमित ओवरों के मैच) की आदतों को खत्म करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई नई बात नहीं है। सभी गेंद निर्माता ऐसी गेंदें बनाते हैं। हम गेंदबाजों को सीमित ओवरों वाले लाइन लेंथ की आदत में सुधार करना चाहते है। यह आपको संकेत देने का सबसे आसान तरीका है। उन्होंने कहा, हमारे खिलाड़ी आईपीएल के लंबे सत्र के बाद यहां आये हैं। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल की देख रेख में गेंदबाज पिछले दो हफ्तों से इसका उपयोग कर रहे हैं।
मोईन अली ने मेजबान टीम के अभ्यास सत्र का दौरा किया
इंग्लैंड के पूर्व हरफनमौला मोईन अली ने अपने घरेलू मैदान पर मेजबान टीम के अभ्यास सत्र का अचानक दौरा किया। इंग्लैंड को एजबेस्टन की पिच पर अली की जानकारी पर भरोसा है, जहां तीसरे दिन से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम और स्पिन गेंदबाजी कोच जीतन पटेल को अली के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया। सूत्रों ने हालांकि बताया कि अली केवल एक दिन के लिए ही मैदान पर थे और टीम के साथ किसी लंबी अवधि की कोचिंग भूमिका में नहीं आ रहे हैं। शीर्ष स्तर से संन्यास के बाद वह दुनिया भर की टी20 लीगों में खेलते हैं। वह आईपीएल 2025 का भी हिस्सा थे।
बल्लेबाजों के लिए एक और अच्छी पिच की उम्मीद: क्रिस वोक्स
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण के सबसे अनुभवी सदस्य क्रिस वोक्स को भारत के खिलाफ श्रृंखला के पहले मैच में रनों की बरसात के बाद एजबेस्टन में एक और बल्लेबाजी के लिए माकूल पिच की उम्मीद कर रहे हैं। एजबेस्टन की पिच पर दूसरे टेस्ट से दो दिन पहले काफी घास है लेकिन यहां गर्मी जैसे हालात है और बुधवार को टॉस से पहले घास को काट दिया जाएगा। वोक्स ने कहा, हमने 20 विकेट (लीड्स में) लेने कर अच्छा प्रदर्शन किया। जब वे बल्ले से खेल में दबदबा बनाने लगे, तो हम खुद को मुकाबले में वापस लाने में कामयाब रहे। यह वास्तव में महत्वपूर्ण है और एक अच्छा कौशल है। मुझे यकीन है कि हम एक और ऐसी पिच पर खेलेंगे जो बल्लेबाजी के लिए अच्छी होगी। उन्होंने कहा, अच्छे मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए यह गेंदबाजों के लिए एक और कठिन सप्ताह हो सकता है। हम स्पष्ट रूप से उन चीजों को देखेंगे जो हमने पिछले सप्ताह अच्छी तरह से की थी और उन चीजों को ठीक करने की कोशिश करेंगे जो हमने इस सप्ताह इतनी अच्छी तरह से नहीं कर सके थे।