मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 4 नवंबर को भाजपा द्वारा निकाली जाने वाली पदयात्रा को लेकर कांग्रेस ने एतराज जताया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया माली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजकर पदयात्रा का मार्ग बदलने या इसे किसी अन्य दिन/स्थान पर आयोजित करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि यह पदयात्रा अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक प्रस्तावित है। इसके आसपास के दिनों में धनतेरस का त्योहार पड़ रहा है। ऐसे में न्यू मार्केट, जवाहर चौक और शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ जुटने वाली है। राजनीतिक कार्यक्रम के कारण इन क्षेत्रों में यातायात जाम की स्थिति बन सकती है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही और व्यापारियों के कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
कांग्रेस ने कहा है कि धनतेरस और दीपावली व्यापारियों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसर होते हैं। ऐसे संवेदनशील समय में बाजारों तक पहुंच बाधित होना न तो ग्राहकों के हित में है और न ही व्यापारियों के। उन्होंने राजनीतिक प्रदर्शन के बजाय आम जनता और स्थानीय कारोबार की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
भाजपा इस पदयात्रा को अपने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकाल रही है। कांग्रेस की मांग है कि पदयात्रा का रूट बदला जाए या इसे त्योहारी भीड़ वाले क्षेत्रों से दूर रखा जाए, ताकि व्यापार प्रभावित न हो।