राजस्थान: झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत

जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार सुबह एक दुखद घटना घटी। गांव से कदम कुंड की ओर जा रही सड़क बनाने के काम के दौरान रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मशीन अचानक ऊपरी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन में 11 हजार वोल्ट का करंट फैलते ही आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, मशीन का हाइड्रोलिक जैक या उससे जुड़ा हिस्सा ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया था, जिससे करंट पूरे उपकरण में फैल गया।

यह सड़क निर्माण सरकारी योजना के तहत नहीं चल रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदे से वन क्षेत्र में यह सड़क पक्की करवाने का काम शुरू किया था। अनुमति के अभाव में भी काम जारी था।

मृतकों में हालेड़ा मंडावरा गांव के चार और छापोली के चार मजदूर शामिल हैं। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर धरना दे दिया। उनका कहना है कि बिजली की लाइनें पहले से ही असुरक्षित थीं और लाइन बंद कराने के प्रयास में कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं हुआ।

जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और जांच के आदेश दिए। उन्होंने घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।