संसद मानसून सत्र: राज्यसभा में पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर और विमान हादसे पर तीखी बहस, विपक्ष का सरकार पर हमला

Parliament Monsoon Session: 20 जुलाई को राज्यसभा संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसमें केंद्र सरकार ने यह जानकारी दी कि इस बार कुल 15 विधेयक पेश किए जाएंगे। इसके अलावा विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों के भी जवाब दिए जाएंगे। संसद का यह सत्र कई महत्वपूर्ण मुद्दों और तीखी बहसों का गवाह बनने जा रहा है।

राज्यसभा में जोरदार बहस, खरगे ने उठाया पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा

राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सरकार से विस्तार से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेना का मनोबल बनाए रखने के लिए विपक्ष ने हमेशा सरकार का साथ दिया है, लेकिन उन्हें अब तक ऑपरेशन की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद भी अब तक किसी आतंकी को पकड़ा नहीं गया है। यहां तक कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और उपसेना प्रमुख ने भी इंटेलिजेंस विफलता की बात स्वीकार की है। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति के एक कथित बयान का भी उल्लेख किया, जिसे उन्होंने भारत के लिए अपमानजनक करार दिया।

जेपी नड्डा का जवाब, हर बिंदु पर होगी चर्चा

राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हर तथ्य और जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा ऐतिहासिक सैन्य ऑपरेशन हुआ है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने विशेष नोटिस भी दिया है।

हंगामे के बीच रक्षामंत्री ने दी चर्चा की पेशकश

सत्र की शुरुआत होते ही विपक्षी सांसदों ने ‘जवाब दो-जवाब दो’ के नारे लगाकर सदन की कार्यवाही में बाधा डाली। लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में जोरदार हंगामा देखने को मिला। इस बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी विषय पर खुलकर चर्चा को तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितनी देर तक चर्चा चाहता है, उतनी देर तक सरकार चर्चा को तैयार है। विपक्ष केवल समय और मुद्दा बताए।

विमान हादसे पर सरकार का बयान, जांच जारी

राज्यसभा में अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जवाब दिया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि ईंधन आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि फिलहाल तमाम एजेंसियां इसकी गंभीरता से जांच कर रही हैं और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस हादसे को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन सरकार चाहती है कि जांच के बाद केवल तथ्य सामने आएं।

राहुल गांधी ने फिर लगाया पक्षपात का आरोप

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन में विपक्ष को बोलने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बतौर LOP उन्हें मुद्दे रखने का हक है, लेकिन उन्हें मौका ही नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जब सरकार के नेताओं को बोलने का अवसर मिल रहा है, तो विपक्ष की भी बात सुनी जानी चाहिए।

पायलट की बातचीत की रिकॉर्डिंग सरकार के पास: नागरिक उड्डयन मंत्री

विमान हादसे को लेकर राम मोहन नायडू ने आगे बताया कि पायलट और को-पायलट के बीच कॉकपिट में हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सरकार के पास है, जिसे जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंतिम रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यों पर आधारित होगी और किसी भी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जाएगा।