चिराग पासवान का सरकार पर हमला: बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की और कहा कि प्रदेश में हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें दुख इस बात का है कि वे ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं, जो लगातार नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “राज्य में लगातार हत्या, अपहरण, लूट, डकैती और बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन सब घटनाओं को देखकर ऐसा महसूस होता है कि प्रशासन अब पूरी तरह से इन अपराधों पर काबू पाने में असमर्थ हो गया है।”

बिहार भय के माहौल की ओर बढ़ रहा है

अपने बयान में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन का यही रवैया बना रहा तो आने वाले समय में बिहार की स्थिति बेहद भयावह हो सकती है। उन्होंने इस बात की भी आशंका जताई कि ये घटनाएं किसी साजिश के तहत भी हो सकती हैं, ताकि राज्य सरकार को बदनाम किया जा सके। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि चाहे जो भी वजह हो, वो हालात पर नियंत्रण रखें।

या तो मिलीभगत है, या प्रशासन हो गया है अक्षम

चिराग ने सख्त लहजे में कहा कि अब दो ही बातें समझ में आती हैं, या तो प्रशासन की इन अपराधों में कोई न कोई संलिप्तता है, या फिर प्रशासन पूरी तरह से अपनी भूमिका निभाने में विफल हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब लगता है जैसे बिहार और वहां के नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन के बस की बात नहीं रही।

राज्य सरकार से की अपील

अपने बयान के अंत में चिराग पासवान ने बिहार सरकार से अपील की कि वह इस गंभीर मामले को हल्के में न ले और समय रहते ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके और राज्य में फिर से कानून का राज कायम हो।