Mohan Yadav’s strong attack on Congress: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है. उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि आज जब सरयू नदी के किनारे प्रभु श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, तो कांग्रेस कह रही है, “राम तो हमारे भी हैं.”
कृष्ण तीर्थों के विकास का संकल्प और कांग्रेस को निमंत्रण
गुना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मध्य प्रदेश में जहां-जहां भगवान कृष्ण के चरण पड़े हैं, चाहे वो उज्जैन का सांदीपनि आश्रम हो, या गरीब-अमीर की दोस्ती का प्रतीक, जहां भगवान कृष्ण और सुदामा ने रात गुजारी वह नारायण धाम हो, हम एक-एक स्थान पर भगवान कृष्ण के तीर्थ बनाने वाले हैं.” उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा, “अभी भी वक्त है, आ जाओ! अभी मथुरा के अंदर गोपाल कृष्ण बुला रहे हैं. डंके की चोट पर कहो कि हां, हम भगवान कृष्ण के लिए तैयार हैं.”
कांग्रेस को धर्म की बात करने में शर्म आती है
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा, “जब हम यह बात कहते हैं तो कांग्रेस के मित्र कहते हैं कि धर्म की बात क्यों करते हो? अब कोई इनसे पूछे कि धर्म की बात नहीं करें तो क्या अधर्म की बात करें? अधर्म की बात करनी चाहिए क्या?” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “इनको तो शर्म आती है, ये तो कभी भगवान का जयकारा लगाते ही नहीं हैं. बरसों तक भगवान राम के मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाते रहे, लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दे दिया तो इस निर्णय के बाद 56 इंच के सीने वाले ने जाकर धूमधाम से अयोध्या में मंदिर का निर्माण कराया, जहां मां सरयू के किनारे अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं.”
अब कांग्रेस को गोपाल कृष्ण बुला रहे हैं
मुख्यमंत्री ने हमला जारी रखते हुए कहा, “जब वहां जाकर धाम मुस्कुराने लगा तो कांग्रेस के लोग कहने लगे, ‘धाम तो हमारे भी हैं. हम भी राम की जय बोलते हैं.’ हां, अब तो बोलोगे, तुम्हारी तो राम-राम हो ही गई है. अब तुम पीछे-पीछे आओगे.” सीएम ने आगे कहा, “कोई बात नहीं, अगर तुम्हारा मन अभी भी अच्छा हो तो आ जाओ सामने, अभी गोपाल कृष्ण बुला रहे हैं. मथुरा के अंदर यमुना जी के कृष्ण कन्हैया, सबकी आंखों का तारा, आओ मैदान में, डंके की चोट पर कांग्रेस कहे कि हां, हम गोपाल कृष्ण के लिए तैयार हैं.”
डॉ. मोहन यादव ने यह भी कहा, “कांग्रेस के लोग अभी भी नहीं बोलेंगे. जब कोर्ट हो जाएगी, बाकी सब निपट जाएगा, फिर आएंगे कि हम तो तुम्हारे साथ थे. अरे बाबा, देश आजाद हो गया 1947 में, लेकिन भगवान राम का धाम मुस्कुराने के लिए सालों तक अगर किसी ने परेशानी खड़ी की तो वो कांग्रेस ने खड़ी करी.”