जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी की यात्रा को रोक दिया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू और कटरा में फंसे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
रावी नदी का जलस्तर बढ़ा, बांध के द्वार खोले गए
लगातार तेज़ बारिश के कारण नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। रावी नदी पर बने रंजीत सागर बांध में पानी भर जाने के बाद सभी गेट खोल दिए गए हैं ताकि दबाव कम किया जा सके। बांध के द्वार खुलने से आसपास के इलाकों में बाढ़ की आशंका और अधिक बढ़ गई है।
कई जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, सांबा और उधमपुर जिलों में अगले 27 अगस्त की सुबह तक मध्यम से तेज़ बाढ़ की संभावना बनी हुई है। निचले इलाकों और जलमग्न क्षेत्रों में जलभराव और सतही बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की अपील, सुरक्षित रहें नागरिक
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की जोखिम भरी गतिविधि से बचें और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाएं। खासतौर पर नदियों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को चौकस रहने को कहा गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।